
दुनियाभर के कई देशों में खालिस्तानियों का प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। लोगों में भारत के प्रति नफरत भी देखी जा रही है। भारत में अमृतपाल सिंह पर चल रही कार्रवाई को लेकर भी खालिस्तानी समर्थक बौखलाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, खालिस्तानी समर्थकों के एक समूह ने बीते रविवार को लंदन के भारतीय उच्चायोग के बाहर अमृतपाल सिंह के झंडे और पोस्टर लेकर नारेबाजी की।
समर्थकों ने लगाए भारत विरोधी नारे
सोशल मीडिया पर खालिस्तानियों का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक शख्स इंडियन फ्लैग को नीचे उतार रहा है। हालांकि इस बात की पुष्टी नहीं हो पाई है कि यह वीडियो कितना सही है।
बता दें कि समर्थकों को रोकने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची हुई है।
पुलिस के आने के बावजूद भी प्रदर्शनकारियों पर कोई असर नहीं दिखा रहा है। पुलिस के सामने भी 'भारत सरकार शर्म करो, शर्म करो' के नारे लगाए गए।
लंदन में भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ के बाद भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने ट्वीट कर घटना की निंदा भी की। विदेश मंत्रालय ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए भारत में ब्रिटिश उच्चायोग के वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया।
अमृतपाल सिंह के समर्थक गिरफ्तार
बता दें कि पंजाब पुलिस अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए तेजी से सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस बीच जानकारी मिली है कि अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह और ड्राइवर हरप्रीत सिंह ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। साथ ही अमृतपाल के करीबी सहयोगी दलजीत सिंह को भी हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने अभी तक अमृतपाल के कुल 112 समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को अमृतपाल का कट्टर समर्थक माना जाता है। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह अभी फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।