
मीडिया टाइकून के नाम से मशहूर रूपर्ट मर्डोक 92 साल की उम्र में 5वीं बार शादी करने जा रहे हैं। रुपर्ट 66 साल की एन लेस्ली स्मिथ से शादी करने वाले हैं। बता दें कि स्मिथ खुद तीसरी बार शादी करने जा रही हैं। इससे पहले की 4 पत्नियों से रूपर्ट के 6 बच्चे हैं।
दोनों की मुलाकत पिछले साल सितंबर में हुई थी। कैलिफोर्निया में दोनों एक-दूसरे से पहली बार मिले थे। बताया जा रहा है कि रूपर्ट और स्मिथ की शादी गर्मियों में होने की संभावना है।
मर्डोक ने खुद के मीडिया चैनलों में से एक न्यूयॉर्क पोस्ट से कहा कि मैं पहले प्यार में पड़ने से डरता था। लेकिन मुझे पता था कि यह मेरा आखिरी प्यार होगा। मैं बहुत खुश हूं।
रूपर्ट मर्डोक ने बताया कि उन्होंने सेंट पैट्रिक्स डे पर स्मिथ को प्रपोज किया था। बता दें कि स्मिथ खुद 14 साल से विधवा हैं। स्मिथ ने कहा कि रुपर्ट की तरह ही मेरे पति चेस्टर स्मिथ भी बिजनेसमैन थे।
रुपर्ट मर्डोक के अबतक 6 बच्चे हैं
मर्डोक की पहली तीन पत्नियों से 6 बच्चे हैं। उन्होंने अपनी चौथी पत्नी से पिछले साल ही तालाक लिया था। 2016 में मर्डोक ने 85 साल की उम्र में 65 साल की मॉडल जेरी हॉल से शादी की थी। यह शादी 6 साल ही चली और दोनों का तालाक हो गया।
मर्डोक की पहली शादी पैट्रिसिया बुक से हुई थी। यह शादी 1956 में हुई थी। 1967 तक यह शादी चली।
इसके बाद मर्डोक ने दूसरी शादी 1967 में अन्ना मारिया से की। मर्डोक की दूसरी शादी 1999 तक चली। रूपर्ट मर्डोक ने तीसरी शादी 1999 में ही वेंडी देंग से की। हालांकि देंग से भी मर्डोक का रिश्ता ज्यादा नहीं चला और दोनों 2013 में अलग हो गए।
2013 में देंग से अलग होने के बाद रूपर्ट ने 2016 में मॉडल जेरी हॉल से चौथी शादी की। 2022 में रूपर्ट जेरी से भी अलग हो गए। अब रूपर्ट मर्डोक 5वीं शादी स्मिथ से करने वाले हैं। इस शादी से मर्डोक और स्मिथ दोनों ही बहुत खुश हैं।