
भारत और पाकिस्तान के सीजफायर को लेकर सहमत हो गए हैं। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस बात की पुष्टि की। वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी दोनों देशों के बीच युद्ध विराम होने की जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा,"भारत और पाकिस्तान ने आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनाई है। भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख अपनाया है। वह ऐसा करना जारी रखेगा।"
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट करते हुए लिखा: "भारत और पाकिस्तान के बीच आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी है। भारत ने सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख बनाए रखा है। भारत ऐसा करना जारी रखेगा।" pic.twitter.com/jRjhSRiUHh
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 10, 2025
"12 मई को दोबारा होगी बात"
वहीं, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि, "पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 3:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 5:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।" भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आगे कहा कि, "दोनों पक्षों को इस समझ के मुताबिक़ कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं।दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशंस 12 मई को 12 बजे दोबारा इस पर बात करेंगे।"
पाकिस्तान ने की पुष्टि
पाकिस्तानी उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने सीजफायर की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा कि, "पाकिस्तान और भारत ने तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताई है। पाकिस्तान ने हमेशा अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किए बिना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रयास किया है!"
ट्रंप ने "ट्रूथ" पर किया पोस्ट
ट्रंप ने लिखा, "अमेरिका की मध्यस्थता में लंबी कोशिश के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों को बधाई।" वहीं, भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भी प्रेस कॉनफ्रेंस में भारत-पाक के बीच सीजफायर की पुष्टि कर दी है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने भी किया ट्वीट
अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने भी ट्वीट करके जानकारी दी कि, "पिछले 48 घंटों में, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और मैंने वरिष्ठ भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बातचीत की है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर, सेनाध्यक्ष असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और असीम मलिक शामिल हैं। मुझे यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गई हैं तथा तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर वार्ता शुरू करने पर सहमत हो गई हैं। हम शांति का मार्ग चुनने में प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ की बुद्धिमत्ता, विवेक और कूटनीति की सराहना करते हैं।"
-Shraddha Mishra